सेक्टर 27 में बंद मकान और क्लिनिक से लाखों की चोरी
AI से जनरेट फोटो।
सोनीपत। सोनीपत जिले के सेक्टर 27 थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान और उससे जुड़े क्लिनिक से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। धुंध और क्षेत्र में सन्नाटे का लाभ उठाते हुए चोरों ने ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य का सामान चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोहतक जिले के गांव जसिया निवासी चिकित्सक मंजीत हुड्डा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में मुरथल रोड स्थित गीतांजलि गार्डन के पास आशीष झूला वाली गली में एक मकान खरीदा था। इसी मकान में उन्होंने क्लिनिक भी स्थापित किया हुआ है। रोहतक में ड्यूटी के चलते क्लिनिक कुछ समय से बंद था। इसी दौरान रात के समय अज्ञात चोरों ने मकान और क्लिनिक के ताले तोड़ दिए।
चोरों ने चांदी का सिक्का, एलईडी, एसी, मोटर पंप, वोल्टेज, यूपीएस, जनरेटर, केबल, फ्रिज सहित अन्य घरेलू और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पीड़ित ने चोरी गए सभी सामान की विस्तृत सूची पुलिस को सौंप दी है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर 27 सोनीपत में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।
