इनेलो का भाजपा पर हमला: अनाज उठान में बाधा और बारदाने की कमी से गेहूं खरीद प्रभावित
सोनीपत, अजीत कुमार। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) का किसान कष्ट निवारण केंद्र 15वें दिन सोनीपत की अनाज मंडी में सुचारू रूप से संचालित हुआ। इस दौरान इनेलो के जिला अध्यक्ष कुणाल गहलावत ने मंडी का दौरा किया और सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की हठधर्मिता के कारण प्रदेश को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। प्रदेश की 200 से अधिक मंडियों में बायोमेट्रिक प्रणाली लागू करने से अतिरिक्त स्टाफ और कंप्यूटर उपकरणों पर भारी खर्च पड़ेगा, जिसका बोझ आम जनता को उठाना पड़ेगा। उन्होंने इसे “तुगलकी फरमान” बताते हुए तुरंत वापस लेने की मांग की।
गहलावत ने आरोप लगाया कि सरकार बारदाने और अनाज उठान (लिफ्टिंग) की व्यवस्था करने में असफल रही है, जिससे किसानों और आढ़तियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गलत नीतियों के कारण आढ़ती भी हड़ताल के लिए मजबूर हो रहे हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि न तो किसान संतुष्ट हैं और न ही छोटे व्यापारी।
इनेलो ने आगामी निगम चुनाव को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। गहलावत ने कहा कि पार्टी मेयर चुनाव सहित सभी वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों का प्रदर्शन निराशाजनक रहेगा।
इस मौके पर सुरेश त्यागी, इशू दहिया, अशोक मलिक, डॉ. अनिल मलिक, पिंकी दहिया, धर्मबीर दहिया, डॉ. जिलेसिंह, सूरत आंतील, रोहताश असवारपुर, प्रवीण डागर, विशाल खत्री, सुरेश मलिक, ओमकुवार दहिया, राजेंद्र जांगड़ा, आकाश पालीवाल और सतबीर चौहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
