March 11, 2026

सोनीपत: हरियाणा खेल विश्वविद्यालय मुक्केबाजों का ऑल इंडिया प्रतियोगिता में चौथा स्थान

Haryana Sports University boxers secured fourth position in the All India competition

सोनीपत: प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय विजेता बाक्सर।

सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई के मुक्केबाजों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बॉक्सिग चैंपियनशिप 2025–26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर के 262 विश्वविद्यालयों के बीच चौथा स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में आयोजित हुई। बुधवार को कुलपति अशोक कुमार ने विजेताओं को आशीर्वाद दिया।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाते हुए तीन पदक अपने नाम किए। आर्यन यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं अभि धनखड़ और प्रिंस चिक्कारा ने कड़े मुकाबलों में शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक हासिल किए। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का काम किया है।

टीम के कोच संदीप कुमार और संदीप लखी के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतरीन तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। कोचों के प्रशिक्षण और रणनीति का खिलाड़ियों के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में उपलब्ध उच्च गुणवत्ता वाली कोचिग, शिक्षण व्यवस्था और खेल विज्ञान आधारित प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल विज्ञान के आधार पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कोचिंग स्टाफ ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की। डीन, फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स प्रो. योगेश चंद्र, डायरेक्टर स्पोर्ट्स संजय सारस्वत तथा असिस्टेंट डायरेक्टर (स्पोर्ट्स) चेतन शर्मा सहित विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों और कोचों ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

About The Author