पटियाला में पूर्व IG अमर सिंह चहल ने खुद को मारी गोली, 8 करोड़ के फ्रॉड का आरोप
अमर सिंह चहल रिटायर्ड होने के बाद पटियाला में रह रहे थे।- फाइल फोटो
पटियाला। पंजाब के पटियाला में शनिवार को पूर्व इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IG) अमर सिंह चहल ने अपने घर में खुद को गोली मार ली। उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मी के रिवॉल्वर से पेट में गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें पटियाला के पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गोली मारने से पहले अमर सिंह चहल ने 12 पेज का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उन्होंने 8.10 करोड़ रुपए के ऑनलाइन फ्रॉड का जिक्र किया है। चहल ने आरोप लगाया कि साइबर ठगों ने उन्हें निवेश के नाम पर धोखा दिया। उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा और पूरे मामले की SIT या CBI से जांच कराने की मांग की है।
घर में मौजूद था बेटा, दोस्तों को भेजा सुसाइड नोट
घटना के समय अमर सिंह चहल का बेटा घर पर ही मौजूद था। गोली चलने की सूचना मिलते ही पटियाला पुलिस मौके पर पहुंची। SSP वरुण शर्मा के मुताबिक पुलिस ने सुसाइड नोट और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। चहल ने यह सुसाइड नोट अपने कुछ करीबी दोस्तों को भी भेजा था, ताकि मामला दबाया न जा सके।
8.10 करोड़ के ऑनलाइन फ्रॉड का आरोप
सुसाइड नोट में चहल ने लिखा कि कुछ साइबर ठगों ने खुद को वेल्थ इक्विटी एडवाइजर बताते हुए उनसे 8.10 करोड़ रुपए की ठगी की। उन्होंने स्वीकार किया कि लेन-देन में उनसे चूक हुई और उन्होंने व्हाट्सएप व टेलीग्राम पर एक्टिव एक ग्रुप पर भरोसा कर लिया। ठग खुद को DBS ग्रुप और SEBI से अधिकृत बताकर निवेश के टिप्स देते थे।
फर्जी डैशबोर्ड और मुनाफे का झांसा
चहल के मुताबिक ग्रुप में IPO, OTC ट्रेड, डेली ट्रेड और क्वांटिटेटिव फंड्स में भारी मुनाफा दिखाया जाता था। इसके लिए एक ऑनलाइन डैशबोर्ड दिखाया गया, जो बाद में पूरी तरह फर्जी निकला। जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की तो सर्विस फीस और टैक्स के नाम पर उनसे और रकम वसूली गई।
तीन बैंकों से ट्रांसफर किए 8 करोड़ से ज्यादा
पूर्व IG ने लिखा कि उन्होंने एक्सिस, HDFC और ICICI बैंक खातों से 8 करोड़ से ज्यादा रुपए ट्रांसफर किए, जिनमें करीब 7 करोड़ रुपए उधार के थे। सभी ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड, चैट्स और स्क्रीनशॉट्स उन्होंने शिकायत के साथ जोड़े हैं।
परिवार की सुरक्षा और जांच की मांग
सुसाइड नोट में चहल ने खुद को मानसिक अवसाद से ग्रसित बताया और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई। उन्होंने DGP गौरव यादव से मांग की कि मामले की SIT या CBI से निष्पक्ष जांच कराई जाए और ठगी की रकम उनके परिवार को वापस दिलाई जाए।
बहबल कलां गोलीकांड में भी आरोपी
गौरतलब है कि अमर सिंह चहल 2015 के बहबल कलां और कोटकपूरा गोलीकांड मामले में भी आरोपी हैं। इस केस में 2023 में SIT ने चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें कई बड़े नेताओं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
