कांग्रेस ने PM को चायवाला दिखाया, AI वीडियो से सियासत गरमाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
नई दिल्ली। कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक नया AI वीडियो जारी किए जाने के बाद बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में PM मोदी को चायवाला दिखाया गया है और उनके हाथ में चाय की केतली है। भाजपा ने इसे अपमानजनक बताते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस गरीब पृष्ठभूमि से आने वाले प्रधानमंत्री को बर्दाश्त नहीं कर सकती और पहले भी उनके परिवार एवं मां का अपमान कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कई बार पीएम के बैकग्राउंड का मजाक उड़ाया और जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी।
यह पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस की ओर से PM मोदी का AI वीडियो जारी किया गया हो। इससे पहले 12 सितंबर को बिहार कांग्रेस ने एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें पीएम से मिलता-जुलता किरदार अपनी दिवंगत मां से मिलती महिला के साथ बातचीत करता दिखाया गया था। उस वीडियो में कहा गया कि बिहार में पीएम की मां के नाम पर राजनीति की जा रही है, जिसके बाद भाजपा ने इसे भावनाओं से खिलवाड़ बताते हुए पूरे चुनाव अभियान में मुद्दा बनाया।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस जानबूझकर पीएम की दिवंगत मां का अपमान कर रही है। वहीं बिहार भाजपा ने भी राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का AI वीडियो जारी किया, जिसमें दोनों को सीएम और पीएम पद को लेकर बहस करते दिखाया गया। इसके बाद एक अन्य वीडियो में भाजपा ने लालू यादव, तेजस्वी, अखिलेश और राहुल गांधी को प्रतीकात्मक तौर पर विभिन्न वस्तुएं पकड़े हुए दिखाया और लिखा कि यह इंडी गठबंधन का असली रंग है।
इस बीच PM मोदी ने हाल ही में अपनी मां के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर भावुक होते हुए कहा था कि उनकी मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, फिर भी उन्हें मंच से गालियां दी गईं। इस पूरे विवाद ने बिहार और राष्ट्रीय राजनीति में नई तीखी बहस छेड़ दी है।
