April 16, 2026

सीबीएसई 10वीं रिजल्ट जारी: पंचकूला जोन का शानदार प्रदर्शन, सोनीपत के मनन वाधवा ने 100 प्रतिशत अंक लाकर रचा इतिहास

CBSE 10th Result Released: Panchkula Zone Performs Brilliantly, Manan Wadhwa of Sonipat Creates History by Scoring 100% Marks

सोनीपत, ज्योति शर्माकेंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा समाप्त होने के महज 35 दिनों के भीतर रिजल्ट जारी होने से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस बार भी हरियाणा का पंचकूला जोन शानदार प्रदर्शन करते हुए 92.24 प्रतिशत परिणाम के साथ देशभर में 14वें स्थान पर रहा।

पंचकूला जोन की उपलब्धि
पंचकूला जोन में हरियाणा के कई जिलों के साथ हिमाचल प्रदेश भी शामिल है। इस जोन में कुल 87,846 विद्यार्थियों ने 316 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दी, जिनमें 1580 प्राइवेट विद्यार्थी भी शामिल रहे। पिछले सत्र के 92.77 प्रतिशत के मुकाबले इस बार 92.24 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि इस जोन में सबसे पहले कॉपियों का मूल्यांकन पूरा किया गया, जिसमें करीब 3900 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी।

सोनीपत के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
सोनीपत जिले के विद्यार्थियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया। जानकीदास कपूर पब्लिक स्कूल के छात्र मनन वाधवा ने 100 प्रतिशत अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। वहीं शिवा शिक्षा सदन स्कूल की सानवी ने 99.02%, ब्राइट स्कॉलर स्कूल के सुमित गुप्ता और अनंत नेहरा ने 99.2% अंक प्राप्त किए। इसके अलावा प्रीशा और ट्विंकल वोहरा ने भी 99 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।

टॉपर मनन वाधवा की सफलता
सेक्टर-14 निवासी मनन वाधवा ने चार मुख्य विषयों में 100-100 अंक प्राप्त किए, जबकि साइंस में 99 अंक हासिल किए। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई और सेल्फ स्टडी उनकी सफलता की कुंजी रही। रोजाना करीब 4 घंटे पढ़ाई और परिवार से बातचीत कर तनाव को दूर करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। मनन का लक्ष्य मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाकर एमबीबीएस और आगे चलकर चाइल्ड स्पेशलिस्ट बनना है।

छात्रों का संदेश और अभिभावकों की खुशी
अधिकांश छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उनका मानना है कि नियमित अभ्यास और सही मार्गदर्शन से ही सफलता मिलती है। वहीं मनन की माता ने बेटे की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि उसने बिना ट्यूशन के अनुशासित तरीके से पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया।

ट्विंकल वोहरा ने पढ़ाई के साथ संगीत में संतुलन बनाकर 99.2 प्रतिशत अंक हासिल किए और भविष्य में जेईई परीक्षा पास करने का लक्ष्य रखा है।

About The Author