January 27, 2026

तीन माह से वेतन नहीं तो कर्मचारियों का काला प्रदर्शन, हड़ताल की चेतावनी

Black protest by employees, threat of strike if salary is not paid for three months

सोनीपत: गेट के बाहर प्रदर्शन करते हुए कर्मचारी।

सोनीपत। सोनीपत के खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन न मिलने पर मुख्य द्वार के बाहर काले वस्त्र एवं काले बिल्ले लगाकर मंगलवार को सांकेतिक विरोध जताया। आर्थिक संकट से जूझते कर्मचारी आंदोलन की धमकी दे रहे हैं।

विश्वविद्यालय कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त एवं सितंबर का वेतन अभी तक नहीं मिला। अक्टूबर समाप्त होने पर बकाया चार माह का हो जाएगा। इससे परिवारों पर गहरा आर्थिक बोझ पड़ा है। कर्मचारियों ने कुलपति प्रोफेसर सुदेश एवं कुलसचिव प्रोफेसर शिवालिक यादव से कई बार मुलाकात की। कुलपति ने दस दिन में वेतन दिलाने का वादा किया, किंतु दीपावली तक भी राशि नहीं आई।

कर्मचारी बच्चों की फीस, चिकित्सा व्यय एवं घरेलू खर्चों में असमर्थ हैं। बैंक कर्ज की किस्तें चूकने से सिबिल अंक प्रभावित हुए। दीपावली को कोयले की दिवाली की तरह मनाना पड़ा। नियमित वेतन न मिलने से मानसिक तनाव, अवसाद एवं कार्य क्षमता घटी है।

सभी कर्मचारी संघों ने चेतावनी दी कि दस दिन में वेतन न मिला तो कलमबंद हड़ताल एवं मुख्य द्वार पर धरना शुरू होगा। जिम्मेदारी प्रशासन एवं हरियाणा सरकार पर होगी। विरोध का नेतृत्व डॉक्टर इशानी, डॉक्टर सुमन रंगा एवं प्रियंका ने किया। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान एवं अधिकार का प्रश्न बताया। यह संकट महिला विश्वविद्यालय की विडंबना उजागर करता है, जहां बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा गूंजता है, किंतु कर्मचारी स्वयं संकट झेल रहे हैं। शीघ्र समाधान न हुआ तो शैक्षणिक कार्य प्रभावित होंगे।

 

About The Author