June 4, 2026

सोनीपत क्राइम: सोनीपत में 106 ग्राम हेरोइन सहित आरोपी गिरफ्तार, दो दिन रिमांड

Accused arrested with 106 grams of heroin in Sonipat, remanded for two days

AI से जनरेट फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में एक आरोपी को 106 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार अपराध शाखा कुंडली की टीम तीन जून 2026 को बहालगढ़ चौक क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि सरस्वती विहार निवासी अंकुश हेरोइन बेचने की फिराक में जीटी रोड स्थित सेक्टर-सात फ्लाईओवर के नीचे खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर एक युवक तेज कदमों से वहां से जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। पहचान होने के बाद नियमानुसार एक राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी जींस की दाहिनी जेब से सफेद रंग की पॉलिथीन में रखा नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

जांच में बरामद पदार्थ हेरोइन पाया गया। इलेक्ट्रिक कांटे से वजन करने पर पॉलिथीन सहित उसका कुल वजन 106 ग्राम निकला। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत थाना बहालगढ़ में मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा कुंडली की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से हेरोइन की खरीद-फरोख्त तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

About The Author