सोनीपत: बच्ची के पैर के ऑपरेशन पर 70 हजार खर्च बताने का आरोप
सोनीपत: अस्पताल में पीड़ित परिवार से मुलाकात करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र गौतम।
- नागरिक अस्पताल में फ्रैक्चर के इलाज को लेकर विवाद, सीएमओ ने निशुल्क इलाज का भरोसा दिया
- परिजनों के अस्पताल से बिना बताए जाने की बात आई सामने, खर्च बताने के मामले की होगी जांच
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के नागरिक अस्पताल में नौ वर्षीय बच्ची के पैर में फ्रैक्चर के इलाज को लेकर विवाद सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ऑपरेशन और इलाज पर 60 से 70 हजार रुपये खर्च होने की बात कही गई थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार इतनी रकम जुटाने में असमर्थ था। वहीं, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बच्ची को अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया था और आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निशुल्क इलाज करवाने की प्रक्रिया चल रही थी।
मुरथल रोड स्थित सरस्वती विहार निवासी नौ वर्षीय बच्ची 12 नवंबर को खेलते समय घायल हो गई थी। उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद 13 नवंबर को उसकी मां बच्ची को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। एडवोकेट देवेंद्र गौतम के अनुसार, परिजनों को ऑपरेशन और इलाज पर 60 से 70 हजार रुपये खर्च होने की बात बताई गई। इतनी बड़ी रकम का इंतजाम नहीं होने पर परिवार बच्ची के पैर में कच्चा प्लास्टर करवाकर उसे घर ले गया।
सीएमओ डॉ. अलंकृता ने बताया कि बच्ची को अस्पताल में भर्ती कर इलाज की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। परिवार ने खुद को बीपीएल कार्ड धारक बताया था, लेकिन उनके पास आयुष्मान कार्ड नहीं था। बच्ची का आधार कार्ड हरियाणा का नहीं होने के कारण आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए परिजनों को कमरा नंबर-68 में भेजा गया था। इसके बावजूद परिजन बिना किसी सूचना के बच्ची को लेकर अस्पताल से चले गए।
डॉ. विपिन दलाल ने बताया कि घटना के समय उनके सहयोगी डॉ. विश्वास और डॉ. तुषार मौजूद थे। बच्ची की फाइल तैयार कर उसे भर्ती किया गया था। आयुष्मान कार्ड बनने के बाद निशुल्क इलाज करवाने की व्यवस्था की जा रही थी। उन्होंने बताया कि दूसरे राज्य का आधार कार्ड होने पर एसपीपी नंबर लेना पड़ता है। इसके लिए इलाज के अनुसार तीन से पांच हजार रुपये तक सरकारी फीस निर्धारित है। हालांकि, बच्ची के परिजनों को इस फीस के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उन्हें केवल आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया समझाई गई थी।
डॉ. विपिन दलाल ने परिजनों से 60 से 70 हजार रुपये मांगने की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओर से परिवार को निशुल्क इलाज की प्रक्रिया के लिए ही भेजा गया था। ऐसे में इतनी बड़ी रकम खर्च होने की बात किसने और किस आधार पर बताई, यह जांच का विषय है।
सीएमओ डॉ. अलंकृता ने कहा कि सोमवार को बच्ची के परिवार को अस्पताल बुलाकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से उसकी जांच करवाई जाएगी और बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। बच्ची को उपचार उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है।
उधर सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र गौतम ने स्वास्थ्य विभाग से बच्ची का निशुल्क इलाज करवाने और परिजनों को 60 से 70 हजार रुपये खर्च होने की बात बताने के मामले की जांच करवाने की मांग की है।
