November 14, 2026

नई दिल्ली: 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह, अश्विनी वैष्णव करेंगे उद्घाटन

New Delhi: National Press Day celebrations on November 16; Ashwini Vaishnaw to inaugurate
  • पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर होगा विचार-विमर्श, न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई करेंगी अध्यक्षता

नई दिल्ली, अजीत कुमार। भारतीय प्रेस परिषद की ओर से 16 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, रेल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में समारोह का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी के रंग भवन में आयोजित होगा।

इस वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह का मुख्य विषय ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ रखा गया है। इस विषय पर विचार-विमर्श के माध्यम से पत्रकारिता की भूमिका, उसकी जिम्मेदारियों और लोकतंत्र में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष प्रेस के महत्व पर चर्चा की जाएगी।

भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई समारोह की अध्यक्षता करेंगी, जबकि जाने-माने पत्रकार एवं इंडिया टीवी के अध्यक्ष रजत शर्मा मुख्य संबोधन देंगे। समारोह में देशभर से जाने-माने पत्रकारों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, विशिष्ट अतिथियों और पत्रकारिता के विद्यार्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर देशभर में राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारों तथा प्रेस से जुड़े विभिन्न संस्थानों और संगठनों की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना 1966 में संसद के एक अधिनियम के तहत की गई थी और 1979 में इसका पुनर्गठन हुआ। यह प्रिंट मीडिया के लिए एक अर्ध-न्यायिक एवं स्व-नियामक निकाय है। इसका प्रमुख उद्देश्य स्वतंत्र और जिम्मेदार प्रेस सुनिश्चित करना है। परिषद लगातार प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करने तथा समाचार पत्रों और समाचार एजेंसियों के पत्रकारिता मानकों को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

हर वर्ष 16 नवंबर को भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है। यह दिन स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर भी है।

About The Author