November 13, 2026

मेयर राजीव जैन: सोनीपत में पांच रैन बसेरों का मेयर ने किया निरीक्षण, सुविधाएं सुधारने के निर्देश

Mayor inspects five night shelters in Sonipat; issues directives to improve facilities

सोनीपत: महापौर राजीव जेन रैन बसेरे का निरीक्षण करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। सर्दी के मौसम में जरूरतमंद और बेसहारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए नगर निगम मेयर राजीव जैन ने शुक्रवार को शहर के सभी पांच रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी जरूरी सुविधाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने शनि मंदिर स्थित स्थायी रैन बसेरे, मुरथल चौक फ्लाईओवर के नीचे, सिविल अस्पताल, हिंदू कॉलेज फ्लाईओवर के नीचे और बहालगढ़ स्थित रैन बसेरों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक रैन बसेरे की क्षमता, बिस्तरों, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।

नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार शनि मंदिर स्थित स्थायी रैन बसेरे में 70 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है, जबकि बाकी चार रैन बसेरों में प्रत्येक में 10 लोगों के रुकने की क्षमता है।

मेयर ने निर्देश दिए कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त गद्दे, चादरें और तकिए उपलब्ध करवाए जाएं। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार पेटी, सैनिटाइजर, पीने के पानी, आरओ फिल्टर और पानी की टंकियों की व्यवस्था ठीक रखी जाए। बाथरूम के नल और शौचालयों की मरम्मत के साथ साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। जहां रंगाई-पुताई या अन्य मरम्मत की जरूरत है, वहां जल्द काम पूरा करवाया जाए। शनि मंदिर स्थित स्थायी रैन बसेरे में सीसीटीवी कैमरे, इन्वर्टर और सोलर गीजर की मरम्मत करवाने के निर्देश भी दिए।

मेयर ने कहा कि रात के समय खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर लोगों को सुरक्षित आश्रय देना नगर निगम की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी रैन बसेरों में दिन और रात कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा ठहरने वाले लोगों का उचित रिकॉर्ड रखा जाए।

उन्होंने अधिकारियों को रैन बसेरों की नियमित निगरानी करने और कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए, ताकि सर्दी में जरूरतमंदों और बाहर से आने वाले लोगों को सुरक्षित ठिकाना मिल सके।

About The Author