November 12, 2026

सोनीपत: राहुल गांधी ने भाई दूज पर हरियाणा के परिवारों से की मुलाकात, मां के हाथ का चूरमा खाया

Sonipat: Rahul Gandhi met with families in Haryana on the occasion of Bhai Dooj and ate 'churma' prepared by his mother.

सोनीपत, अजीत कुमार। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाई दूज के अवसर पर दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में हरियाणा समेत विभिन्न राज्यों के करीब 200 परिवारों से मुलाकात की। इनमें करनाल और सोनीपत के परिवार भी शामिल रहे। राहुल गांधी ने प्रत्येक परिवार के लिए अलग-अलग टेबल लगवाई और व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, परिवार के कामकाज और अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ली तथा सभी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

इस दौरान करनाल के तेजिंदर मान का परिवार विशेष रूप से चर्चा में रहा। तेजिंदर फिलहाल अमेरिका में हैं, इसलिए वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उनकी मां बीरमती अपने हाथों से बनाया चूरमा लेकर दिल्ली पहुंचीं। राहुल गांधी ने चूरमा खाया और बीरमती के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने परिवार से दोबारा मिलने का वादा भी किया।

तेजिंदर मान के मुताबिक, राहुल गांधी से उनकी मुलाकात 2023 में अमेरिका दौरे के दौरान हुई थी। करीब दो साल पहले विधानसभा चुनाव के समय राहुल गांधी करनाल के घोघड़ीपुर गांव में उनके परिवार से मिले थे। उस समय उन्होंने बीरमती से दोबारा मिलने का वादा किया था। इस बार दीपावली के अगले दिन राहुल का फोन आया और पूरे परिवार को भाई दूज पर चाय के लिए आमंत्रित किया गया। मुलाकात के दौरान उन्होंने अमेरिका में सड़क हादसे में घायल अमित मान का हालचाल भी जाना और जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

वहीं, सोनीपत के मुरथल निवासी भगत सिंह का परिवार भी कार्यक्रम में पहुंचा। राहुल ने उनके बच्चों की पढ़ाई के बारे में पूछा। उनका बेटा लॉ की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी पीएचडी कर रही है।

गोहाना के गांव मदीना निवासी किसान संजय भी अपने साथ मशहूर जलेबी लेकर पहुंचे। राहुल गांधी से उनकी यह तीसरी मुलाकात थी। इससे पहले राहुल 2023 में उनके खेत में ट्रैक्टर चला चुके हैं और 10 मार्च 2026 को उनकी बेटी की शादी में शामिल होकर नवदंपती को आशीर्वाद दिया था। राहुल गांधी ने इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर लिखा, कुछ रिश्ते वक्त के साथ और भी गहरे हो जाते हैं।

About The Author