सोनीपत: नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में युवक गिरफ्तार, जेल भेजा
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के गांव धनाना स्थित सतलोक आश्रम में आए 11 वर्षीय नाबालिग बच्चे के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ के मामले में बरोदा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। बाल कल्याण समिति की चेयरमैन से 23 सितंबर को सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बच्चे को उसके पिता के साथ संरक्षण में लिया।
पुलिस के अनुसार, बच्चे को उसके पिता के साथ खानपुर कलां स्थित संबंधित संस्थान में कानूनी सलाह, परामर्श और चिकित्सकीय प्रक्रिया के लिए ले जाया गया। परामर्श के दौरान बच्चे ने घटना के बारे में जानकारी दी। बच्चे के पिता के बयान और बाल कल्याण समिति से मिली सूचना के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध सामने आने पर 24 सितंबर को बरोदा थाना में बाल लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने उसी दिन गांव कासंडी निवासी सचिन को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेश के अनुसार उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नाबालिगों से जुड़े मामलों में बच्चे की सुरक्षा, परामर्श और कानूनी प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
