आज से भारत-जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज: जीत से शुरुआत पर नजर
आज से भारत-जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज।
हरारे। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला का पहला मुकाबला आज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम जीत के साथ श्रृंखला का आगाज करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में अब तक टीम को सफलता नहीं मिल सकी है। इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर खेले गए सात टी-20 मुकाबलों में भारत को छह में हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच बिना परिणाम के समाप्त हुआ।
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से इस श्रृंखला में बड़ी उम्मीदें होंगी। इंग्लैंड दौरे पर उनका प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा और तीन मैचों में उन्होंने केवल 42 रन बनाए। हालांकि हरारे का मैदान उनके लिए यादगार रहा है, जहां उन्होंने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रन की शानदार पारी खेली थी।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 14 टी-20 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें भारत ने 11 और जिम्बाब्वे ने तीन मैच जीते हैं। पिछले वर्ष हरारे में जिम्बाब्वे ने भारत को तीन रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। ऐसे में भारतीय टीम इस बार उस हार का हिसाब बराबर करने के लक्ष्य के साथ उतरेगी।
भारतीय बल्लेबाजी की जिम्मेदारी ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, श्रेयस अय्यर और रिंकू सिंह पर होगी। ईशान किशन इस वर्ष शानदार लय में हैं और 20 मैचों में 667 रन बना चुके हैं। गेंदबाजी विभाग में शिवम दुबे और युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव अहम भूमिका निभा सकते हैं।
जिम्बाब्वे की सबसे बड़ी ताकत उसकी तेज गेंदबाजी मानी जा रही है। ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा और ब्रैड इवांस की तिकड़ी भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती पेश करेगी। वहीं ब्रायन बेनेट और कप्तान सिकंदर रजा टीम की बल्लेबाजी की धुरी होंगे।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
