सोनीपत क्राइम: हाईवे पर झांसा देकर महिला के बैग से 2.11 लाख के गहने चोरी
सोनीपत: भारतीय जनता पार्टी गुरुग्राम के महामंत्री सोहन लाल कौशिक।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के कुंडली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर बाइक सवार बदमाशों ने बेहद शातिर तरीके से एक दंपती को निशाना बनाते हुए महिला का बैग छीन लिया। बैग कुछ दूरी पर बरामद हो गया, लेकिन उसमें रखे करीब 2.11 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 10 से 12 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गुरुग्राम के सेक्टर-38 निवासी तथा भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री सोहन लाल कौशिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 15 जुलाई की रात अपनी पत्नी ममता कौशिक के साथ सुखदेव ढाबा से भोजन कर दिल्ली लौट रहे थे। जब उनकी कार कुंडली स्थित अंसल प्लाजा के पास पहुंची तो पीछे से आए दो अलग-अलग बाइक सवारों ने कार के टायर की ओर इशारा कर पंचर होने का संकेत दिया। गाड़ी में खराबी की आशंका पर उन्होंने कार सड़क किनारे रोक दी।
सोहन लाल कौशिक ने बताया कि हाईवे पर सक्रिय ऐसे बाइक सवार पहले वाहन चालकों को बार-बार टायर पंचर होने का भ्रम पैदा करते हैं। जैसे ही चालक वाहन रोककर जांच करता है, बदमाश लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि टायर की जांच के बाद जैसे ही वे वापस कार में बैठने लगे, तभी एक युवक उनकी पत्नी के हाथ से बैग छीनकर भाग निकला। पीछा करने पर आरोपी पहले से इंतजार कर रहे अपने साथी की मोटरसाइकिल पर बैठकर रॉन्ग साइड से फरार हो गए। पीड़ित ने एक संदिग्ध बाइक सवार की तस्वीर भी अपने मोबाइल में कैद होने का दावा किया है।
कुछ दूरी पर बैग और मोबाइल फोन मिल गया, लेकिन उसमें रखे सोने के कानों के बाले, नथ, नाक की पिन तथा नकदी गायब थी। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। कुंडली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
