June 27, 2026

सोनीपत: किसान की बेटी शिवानी मोर बनी वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर, सम्मानित

Sonipat Farmer's daughter Shivani Mor becomes an Air Force Flying Officer; honored.

सोनीपत: भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने पर शिवानी मोर का विधायक देवेंद्र कादियान सम्मान करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर उपमंडल के गांव लड़सौली की बेटी शिवानी मोर के भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने पर शनिवार को गांव में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक देवेंद्र कादियान ने शिवानी मोर को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने विधायक का भी स्वागत किया।

विधायक ने कहा कि किसान परिवार की बेटी का भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। शिवानी ने मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल कर साबित किया कि सफलता संसाधनों की नहीं, बल्कि लगन और परिश्रम की मोहताज होती है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और देश की सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी पूरी निष्ठा से निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि शिवानी की सफलता गांव के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है। लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने का संकल्प मजबूत हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती। सरकार भी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से युवाओं, खासकर बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। परिजनों और ग्रामीणों ने कहा कि शिवानी की सफलता से गांव के बच्चों और युवाओं को बड़े सपने देखने तथा उन्हें पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी। समारोह में सरपंच प्रतिनिधि प्रियव्रत, कालू मोर, कृष्ण, गरिन्दर मास्टर, सुंदर, अनिल, पालेराम, संजय, सुरेश मास्टर आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author