June 25, 2026

सोनीपत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत: बोलीं- भाजपा में परिवारवाद नहीं, कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत

Grand welcome for BJP State President Dr. Archana Gupta in Sonipat; she stated that there is no dynastic politics in the BJP and that party workers are the organization's strength.

सोनीपत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत।

सोनीपत, अजीत कुमार। भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का गुरुवार को सोनीपत आगमन पर कार्यकर्ताओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा, स्वागत समारोह और रोड शो का आयोजन कर उनका अभिनंदन किया गया। अग्रसेन चौक पर अग्रवाल समाज ने भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया, जबकि राई विश्राम गृह में ब्राह्मण समाज ने भी उनका सम्मान किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टरों और वाहनों के काफिले के साथ रोड शो निकालकर पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।

स्वागत से अभिभूत डॉ. अर्चना गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सोनीपत में मिला स्नेह और सम्मान उन्हें जनसेवा के लिए नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा में परिवारवाद के लिए कोई स्थान नहीं है और प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है।

उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में संगठन को मजबूती मिली और लाखों नए सदस्य पार्टी से जुड़े। डॉ. गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार तीसरी बार बनी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस और जन्मदिवस पर बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को भाजपा से जोड़ने, पौधारोपण, नशा मुक्ति अभियान और रक्तदान शिविर जैसे सेवा कार्यों को गति देने का भी आह्वान किया।

अपने संबोधन में डॉ. अर्चना गुप्ता ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और संविधान का सम्मान भाजपा की प्राथमिकता है तथा युवा पीढ़ी को आपातकाल के इतिहास से अवगत कराना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

About The Author