सोनीपत: एनसीसी कैंप में प्रताप स्कूल के कैडेट्स ने जीते 24 स्वर्ण पदक
सोनीपत: अधिकारियों के साथ विजेता एनसीसी कैडेट्स।
सोनीपत, अजीत कुमार। प्रताप स्कूल के एनसीसी कैडेटों ने 12 हरियाणा बटालियन एनसीसी द्वारा 15 जून से 24 जून तक आयोजित सीएटीसी-130 कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 24 स्वर्ण पदक और दो ट्रॉफियां जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। कैंप का संचालन कर्नल विशाल दुबे के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों और कॉलेज कैडेटस ने भाग लिया।
सूबेदार मेजर सुरेंद्र सिंह की देखरेख में कैडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, बाधा प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, मिलिट्री हिस्ट्री, योग, स्वास्थ्य देखभाल और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया गया। कैंप में प्रताप स्कूल के 75 जूनियर और सीनियर कैडेटस ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में जूनियर डिवीजन बॉयज टीम ने रस्साकशी में सात स्वर्ण पदक जीते, जबकि जूनियर डिवीजन गर्ल्स टीम ने भी रस्साकशी में सात स्वर्ण पदक हासिल किए। गार्ड ऑफ ऑनर प्रतियोगिता में कैडेट्स ने नौ स्वर्ण पदक अपने नाम किए। रस्साकशी प्रतियोगिता में विद्यालय ने दो ट्रॉफियां भी जीतीं। कैंप सीनियर निशू को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष सम्मान दिया गया।
समग्र प्रदर्शन के आधार पर प्रताप स्कूल को कैंप का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला विद्यालय घोषित किया गया। इस सफलता से विद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्या दया दहिया और अकादमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया ने सभी कैडेटों का स्वागत किया तथा उन्हें बधाई दी। अनुशासन, परिश्रम और देशभक्ति की भावना से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने का संदेश दिया। साथ ही कैडेटों को भारतीय सेना और सशस्त्र बलों में उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।
