आईपीएल: ऋषभ पंत की दिल्ली में घर वापसी, कुलदीप यादव बने लखनऊ के नए स्पिन हथियार
ऋषभ पंत की दिल्ली में घर वापसी, कुलदीप यादव बने लखनऊ के नए स्पिन हथियार
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास के सबसे चर्चित खिलाड़ी ऋषभ पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बन गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुए बड़े खिलाड़ी आदान-प्रदान में ऋषभ पंत की दिल्ली में वापसी हुई है, जबकि स्टार स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। इस फैसले ने आईपीएल जगत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
🚨 Announcement 🚨
Rishabh Pant and Kuldeep Yadav complete high-profile trade between @DelhiCapitals and @LucknowIPL.
Rishabh Pant all set to rejoin #DC at INR 15 Crore whereas Kuldeep Yadav will join #LSG at INR 13.5 Crore.
More Details ▶️ https://t.co/64HeOX143I… pic.twitter.com/tIEvj7fgNo
— IndianPremierLeague (@IPL) June 23, 2026
आईपीएल 2025 की नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया था। यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी। हालांकि अब हुए खिलाड़ी आदान-प्रदान के बाद पंत 15 करोड़ रुपये की फीस पर दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ गए हैं। वहीं कुलदीप यादव अपनी मौजूदा 13 करोड़ 50 लाख रुपये की फीस के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन गए हैं।
ऋषभ पंत के लिए यह वापसी किसी घर लौटने से कम नहीं है। उन्होंने वर्ष 2016 से 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स के लिए लगातार नौ सत्र खेले और टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के लिए 111 मुकाबले खेले और तीन सत्रों में 43 मैचों में कप्तानी की जिम्मेदारी भी संभाली। हालांकि 2025 की मेगा नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी प्रबंधन के साथ मतभेदों के चलते उन्हें टीम से अलग कर दिया गया था।
दूसरी ओर कुलदीप यादव का दिल्ली कैपिटल्स के साथ पांच वर्षों का सफल सफर समाप्त हो गया है। वर्ष 2022 में दिल्ली से जुड़ने के बाद उन्होंने 65 मुकाबलों में 72 विकेट लेकर टीम की कई महत्वपूर्ण जीत में योगदान दिया। अब वे उत्तर प्रदेश से अपने घरेलू क्रिकेट संबंधों के कारण लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ एक नए अध्याय की शुरुआत करेंगे।
सूत्रों के अनुसार ऋषभ पंत के आदान-प्रदान के पीछे उनके कप्तान और बल्लेबाज के रूप में हालिया प्रदर्शन को प्रमुख कारण माना जा रहा है। उनकी कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स आईपीएल 2025 में सातवें और 2026 में दसवें स्थान पर रही। इसके अलावा रिकॉर्ड कीमत के अनुरूप उनका प्रदर्शन भी अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा नहीं उतर सका। उन्होंने लखनऊ के लिए दो सत्रों में 28 मैच खेलकर 581 रन बनाए।
अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या दिल्ली में वापसी के बाद ऋषभ पंत अपनी पुरानी चमक दोबारा हासिल कर पाएंगे और क्या कुलदीप यादव लखनऊ की गेंदबाजी को नई मजबूती दे सकेंगे।
