June 5, 2026

सोनीपत मेयर राजीव जैन: नगर निगम की पहली बैठक में 375 से अधिक मुद्दों पर चर्चा, विकास और स्वच्छता के प्रस्ताव मंजूर

Over 375 issues discussed in the first meeting of the Municipal Corporation, proposals for development and cleanliness approved

सोनीपत: बैठक की अध्यक्षता करते मेयोपर राजीव जैन।

सोनीपत, अजीत कुमार। नगर निगम चुनाव के बाद आयोजित पहली सदन बैठक में शहर के विकास, जन समस्याओं के समाधान और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े 375 से अधिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकांश प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया, जिससे शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

बैठक की अध्यक्षता मेयर राजीव जैन ने की। इस दौरान विधायक निखिल मदान, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, सह आयुक्त मीतू धनखड़, सहायक आयुक्त विजय यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पार्षदों ने बिजली एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष अघोषित बिजली कटौती, शिकायतों के निस्तारण में देरी, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों तथा नीचे लटक रहे बिजली के तारों जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

बैठक में सीवर लाइनों के नवीनीकरण, गलियों के निर्माण, पेयजल आपूर्ति में सुधार और पार्कों में सुविधाएं बढ़ाने से संबंधित प्रस्तावों पर विशेष चर्चा हुई। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए कूड़ा डंपिंग प्वाइंट्स की संख्या कम करने तथा विकास कार्यों की निगरानी के लिए वार्ड स्तर पर समितियों के गठन का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा कूड़ा फैलाने वालों पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से लैस मोबाइल वैन शुरू करने, सूचना देने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन राशि देने तथा घर-घर से कूड़ा उठाने के शुल्क को प्रॉपर्टी टैक्स में शामिल करने के प्रस्ताव भी पारित किए गए।

बैठक में सब्जी मंडी से श्रीराम चौक और गांधी चौक से बस अड्डा तक की सड़कों को लोक निर्माण विभाग से नगर निगम के अधीन लेकर उनकी मरम्मत करवाने पर भी सहमति बनी। वहीं, खुले नालों में कचरा जमा होने की समस्या के समाधान के लिए पाइपलाइन डालने तथा निगम की खाली जमीनों से अवैध कब्जे हटाकर चारदीवारी करवाने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पारित प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई शुरू की जाएगी।

About The Author