May 6, 2026

सोनीपत क्राइम: सोनीपत में पंचायत जमीनी विवाद में सरपंच पति पर दिनदहाड़े हमला

Sarpanch's husband attacked in broad daylight in Sonipat over Panchayat land dispute

सोनीपत: हमले में क्षतिग्रस्त वाहन इनसेट में जानकारी देते हुए भंडेरी निवासी प्रदीप .

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र में महिला सरपंच के पति पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने बीच रास्ते गाड़ी रोककर पिस्तौल लहराई, पीछा किया और पीड़ित के घर पहुंचकर तोड़फोड़ कर आग लगाने की कोशिश की। घटना के पीछे पंचायत की जमीन का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

गांव भंडेरी निवासी प्रदीप ने बताया कि उनकी पत्नी सोनिया गांव की सरपंच हैं। वह काम से गोहाना जा रहे थे। शुगर मिल के पास जम्मू-कटरा राष्ट्रीय राजमार्ग फ्लाईओवर के नीचे काली स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी क्रेटा कार को रोक लिया। गाड़ी से उतरे दो युवकों ने पिस्तौल दिखाकर धमकाया। जान बचाने के लिए उन्होंने गाड़ी तेज गति से भगा ली।

पीड़ित के अनुसार आरोपी यहीं नहीं रुके और पीछा करते हुए गांव तक पहुंच गए। घर के बाहर और अंदर घुसकर गाड़ी के शीशे तोड़े, मकान के दरवाजे व खिड़कियां तोड़ दीं और मुख्य गेट को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान परिवार में दहशत फैल गई। परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने घर में रखा तेल का ड्रम गिराकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन समय रहते स्थिति संभल गई। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। प्रदीप ने बताया कि गांव में करीब 12 एकड़ पंचायती जमीन की 30 अप्रैल को बोली होनी थी, लेकिन प्रशासन के न पहुंचने से बोली रद्द हो गई। आरोप है कि इसी विवाद के कारण हमला किया गया।

परिजनों के अनुसार हमले में पांच से छह लोग शामिल थे, जो स्कॉर्पियो गाड़ी में आए थे। इनमें कुछ गांव के और कुछ बाहरी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

About The Author