राजीव जैन: सोनीपत में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए वोट जरुर डालें
सोनीपत: राजीव जैन मातृशक्त का आशीर्वाद लेते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन के बाद सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में जश्न का माहौल रहा। मतदाताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनने से रोकते हुए भाजपा ने बड़ी सफलता हासिल की है। इससे सोनीपत में कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा गया।
मंगलवार को मेयर उम्मीदवार राजीव जैन ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी की तरह सोनीपत नगर निगम में भी जनता के आशीर्वाद से कमल खिलेगा। नारी शक्ति वंदन कानून को लटकाने का जवाब महिलाओं ने दे दिया है और आगामी दस मई को होने वाले चुनाव में सोनीपत की महिलाएं भी मतदान से जवाब देंगी।
राजीव जैन ने दो दर्जन जगहों पर लोगों से मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी की सभाओं में हजारों लोगों की भागीदारी ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। निगम क्षेत्र में 20 स्थानों पर सभाएं हुईं। यह जीत नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों और संगठन की मजबूती का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम चुनाव में भाजपा सभी सीटों पर रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगी और कांग्रेस को शून्य पर रोका जाएगा।
उन्होंने वार्ड तीन के आदर्श कुंज पार्क सेक्टर 14 में शहरवासियों से मुलाकात कर चुनावी मुद्दों पर चर्चा की। वार्ड 15 के प्रजापति धर्मशाला में रणबीर सिंह गंगवा के साथ सभा को संबोधित किया। होली चाइल्ड स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में अध्यापकों से संवाद हुआ और मुरथल विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों व प्राध्यापकों से बातचीत कर सुझाव लिए गए। उन्होंने कहा कि मेयर के रूप में नौ महीनों के कार्यकाल में 175 विकास कार्यों का उद्घाटन हुआ और 40 कार्यों के आदेश जारी हो चुके हैं। आचार संहिता खत्म होते ही काम शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों के लिए शहर के विकास की पूरी योजना तैयार है। लोगों से अपील की गई कि मतदान के लिए पंद्रह मिनट का समय जरुर निकालें, ताकि पांच साल तक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके।
