April 24, 2026

सोनीपत: सोनीपत में तीन मई को नीट के आठ परीक्षा केंद्रों पर 2668 परीक्षार्थी आएंगे

On May 3, 2668 candidates will appear at eight NEET examination centres in Sonipat.

सोनीपत: नीट-2026 परीक्षा के िलए उपायुक्त नेहा सिंह अधिकारियों को निर्दश देते हुए

गन्नौर, ज्योति शर्मा। सोनीपत में तीन मई को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट-2026 के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में बनाए गए आठ परीक्षा केन्द्रों पर कुल 2668 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। शुक्रवार को उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा को शान्तिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया। निर्देश दिए गए कि प्रत्येक केन्द्र पर जारी मानक प्रक्रिया का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उपायुक्त ने बताया कि सभी केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे परीक्षा से दो दिन पहले लगाना अनिवार्य होगा। परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक प्रक्रिया सहित सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। परीक्षा के दौरान निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड और ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएंगे, ताकि किसी भी अनियमितता पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

परीक्षा दिवस पर केन्द्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर यातायात पुलिस की अतिरिक्त तैनाती होगी और वैकल्पिक मार्ग भी तैयार रखे जाएंगे। सभी केन्द्रों पर पेयजल, छाया, बिजली, शौचालय और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गर्मी को देखते हुए पेयजल और छायादार स्थानों पर विशेष ध्यान रहेगा। अभिभावकों के बैठने की व्यवस्था भी केन्द्रों के पास की जाएगी। हर केन्द्र के नजदीक एम्बुलेंस और चिकित्सा दल उपलब्ध रहेगा। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

परीक्षार्थी हाफ बाजू के कपड़े पहनकर आएं और खुली चप्पल, सैंडल या कम हील वाले जूते पहनें। घड़ी, अंगूठी, कंगन या अन्य गहने पहनने की अनुमति नहीं होगी। धार्मिक पोशाक पहनने वाले परीक्षार्थी केन्द्र पर दो घंटे पहले पहुंचें। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, ईयरफोन, माइक्रोफोन, हेल्थ बैंड, बटुआ, हैंडबैग, बेल्ट और टोपी ले जाना प्रतिबन्धित रहेगा। परीक्षार्थी प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र और पारदर्शी पानी की बोतल साथ लाएं।

केन्द्र में दोपहर डेढ बजे के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से समय पर पहुंचने की अपील की है। इस मौके पर एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र, नगराधीश सिमरन, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author