राघव चड्ढा का बड़ा ऐलान: : आप छोड़ बीजेपी में जाने की घोषणा, दो-तिहाई सांसद साथ होने का दावा
नई दिल्ली, अजीत कुमार। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा में शामिल होने का ऐलान कर सियासी हलचल तेज कर दी। इस दौरान उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद रहे। चड्ढा ने दावा किया कि आप के राज्यसभा के दो-तिहाई सांसद उनके साथ भाजपा में शामिल होंगे।
चड्ढा ने कहा कि हरभजन सिंह और स्वाति मालीवाल भी इस फैसले में उनके साथ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आप अपने मूल सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों से भटक चुकी है और अब देशहित के बजाय निजी हितों के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा, “मैं लंबे समय से महसूस कर रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूं। हमने संविधान के प्रावधानों के तहत भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है।” चड्ढा के अनुसार राज्यसभा में आप के 10 सांसदों में से 7 उनके साथ हैं, जिनमें संदीप पाठक, अशोक मित्तल, स्वाति मालीवाल और हरभजन सिंह समेत अन्य नाम शामिल हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि संविधान के अनुसार यदि दो-तिहाई सांसद किसी अन्य दल में जाना चाहें, तो वे ऐसा कर सकते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि और भी नेता जल्द उनके साथ आ सकते हैं।
चड्ढा ने आप के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी को खड़ा करने में 15 साल दिए, लेकिन अब पार्टी भ्रष्ट और समझौतावादी तत्वों के प्रभाव में आ गई है।
वहीं आप नेतृत्व ने इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी नेता संजय सिंह ने आरोप लगाया कि यह “ऑपरेशन लोटस” का हिस्सा है और केंद्रीय एजेंसियों के दबाव में नेताओं को तोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होकर ईमानदारी की बात करना जनता को स्वीकार नहीं होगा।
गौरतलब है कि हाल ही में आप ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया था। इसके बाद से पार्टी और उनके बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए थे।
इस घटनाक्रम से देश की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है, खासकर पंजाब और दिल्ली की राजनीति पर इसका असर पड़ सकता है।