सोनीपत नगर निगम चुनाव: सोनीपत में भाजपा ने मेयर चुनाव में राजीव जैन पर जताया भरोसा
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने मेयर पद के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा करते हुए अनुभवी नेता राजीव जैन को मैदान में उतारा है। पार्टी के इस फैसले के बाद चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है, क्योंकि इस बार भी उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान से होने जा रहा है। दोनों नेताओं के आमने-सामने आने से शहर की राजनीति में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बन गया है। राजीव जैन ने बुधवार देर शाम पुरखास रोड स्थित कार्यालय में लोगों से आशीर्वाद लिया।
भाजपा द्वारा बुधवार को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। संगठन से जुड़े नेताओं का मानना है कि जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ और लंबे राजनीतिक अनुभव के कारण पार्टी ने एक बार फिर राजीव जैन पर भरोसा जताया है। कार्यकर्ताओं ने इसे जीत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
उम्मीदवार घोषित होने के बाद राजीव जैन ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी आला कमान, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली और चुनाव समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए दोबारा सोनीपत नगर निगम मेयर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों पर चलते हुए समाज और शहर की सेवा करने का कार्य जारी रखेंगे। उनका मानना है कि संगठन की विचारधारा के अनुरूप काम करने से ही जनता का विश्वास मजबूत होता है।
पिछले उपचुनाव में राजीव जैन ने कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान को 34 हजार 766 मतों के बड़े अंतर से हराया था। इस जीत ने उनकी राजनीतिक पकड़ को मजबूत किया और पार्टी के भीतर उनकी स्थिति को और मजबूत बनाया। अब एक बार फिर दोनों के बीच मुकाबला तय हो चुका है, जिससे चुनाव बेहद रोचक माना जा रहा है।
राजीव जैन का राजनीतिक सफर लंबा और सक्रिय रहा है। उनका जन्म 12 फरवरी 1964 को सोनीपत में हुआ। उन्होंने बीकॉम तक शिक्षा प्राप्त की और 1986 से 1993 तक पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य किया। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और भ्रष्टाचार तथा बेरोजगारी के खिलाफ पदयात्रा कर जनजागरण अभियान चलाया। वर्ष 1993 में हरियाणा विकास पार्टी से जुड़कर राज्य प्रेस सचिव और बाद में महासचिव बने। 1996 से 1999 तक मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।
वर्ष 2000 में उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ा और तीसरे स्थान पर रहे, जबकि 2005 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वर्ष 2007 में भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे प्रदेश मीडिया प्रभारी, प्रदेश उपाध्यक्ष और विभिन्न संगठनात्मक पदों पर सक्रिय रहे। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के रूप में भी उन्होंने सेवाएं दीं।
राजीव जैन ने अपने पिछले कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने करीब 10 महीनों में पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ शहर के विकास के लिए कार्य किया है।
