सोनीपत क्राइम: सोनीपत पुलिस ने अवैध शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, हजारों पव्वे बरामद
AI से जनरेट फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। जिला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सीआईए-1 सोनीपत की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर चंडीगढ़ मार्का अवैध शराब से भरी एक कार को कब्जे में लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, टीम गांव रोहट क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दीपक और राहुल नामक युवक लंबे समय से हरियाणा से शराब लाकर बिहार में सप्लाई करने के अवैध कारोबार में लिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने रिसिका इंडस्ट्रियल पार्क में जाल बिछाकर कार्रवाई की।
मौके पर पहुंचने पर सड़क किनारे खड़ी एक काली कार में बैठे युवक को काबू किया गया, जिसने अपनी पहचान राहुल निवासी गढ़ी सांपला, रोहतक के रूप में बताई। पूछताछ में सामने आया कि उसका साथी दीपक पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया।
तलाशी के दौरान कार से 904 पव्वे “जुबिली स्पेशल व्हिस्की” और 1999 पव्वे “ब्लू स्ट्रोक एक्सक्विसाइट व्हिस्की” सहित कुल 2902 पव्वे बरामद किए गए, जो केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अधिकृत थे। आरोपी कोई वैध परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि तस्करी के लिए गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। इंजन और चेसिस नंबर से वाहन का असली नंबर अलग पाया गया, जिससे पुलिस ने मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़ दी हैं।
पुलिस ने बरामद शराब के सैंपल लेकर शेष को सील कर दिया और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी करवाई। थाना सदर सोनीपत में एक्साइज एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
फरार आरोपी दीपक की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
