सोनीपत: पुष्कर महायज्ञ में कैबिनेट मंत्री ने परिवार सहित आहुति दी
सोनीपत: मंत्री डॉ अरविंद शर्मा अपनी पत्नी डा. रीटा शर्मा के साथ राजस्थान के पुष्कर में प्रदेश की भलाई के लिए पुजा करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने राजस्थान के पुष्कर में आयोजित शत गायत्री पुरश्चरण महायज्ञ में परिवार सहित भाग लेकर आहुति दी और संतों का आशीर्वाद लिया। यह आयोजन संत प्रखर महाराज के सानिध्य में शनिवार को हुआ, जिसमें देश-प्रदेश के श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
डॉ अरविंद शर्मा ने ब्रह्मा मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश के लोगों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और भारतीय संस्कृति मजबूत होती है। महायज्ञशाला में वेद मंत्रों की गूंज के बीच मंत्री ने पत्नी डॉ रीटा शर्मा के साथ श्रद्धा भाव से आहुति डाली। इस अवसर पर डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि महायज्ञ राष्ट्र कल्याण, धर्म जागरण और समाज उत्थान का संदेश देता है। उन्होंने संत प्रखर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर उनके मार्गदर्शन को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। संतों ने भी मंत्री परिवार को शुभकामनाएं देते हुए धर्म और सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। महायज्ञ के बाद मंत्री ने यज्ञशाला क्षेत्र का भ्रमण कर श्रद्धालुओं और संतों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूती मिलती है। अपने पुष्कर प्रवास को उन्होंने प्रेरणादायी अनुभव बताया और कहा कि यहां आकर आत्मिक शांति और नई ऊर्जा की अनुभूति हुई है।
डॉ अरविंद शर्मा ने लोगों से समाज में सद्भाव, सेवा और संस्कारों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक यात्राएं जीवन में सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना मजबूत करती हैं।
