April 15, 2026

सोनीपत खबर: सोनीपत: शादी की वर्षगांठ से पहले गर्भवती विवाहिता की मौत, मामला दर्ज

Sonipat Pregnant married woman dies before wedding anniversary, case registered

सोनीपत: सिविल अस्पताल में परिवार के सदस्य बैठे हुए, इनसेट में साइमा का फाइल फोटो।

सोनीपत, ज्योति शर्मासोनीपत में शादी की पहली वर्षगांठ से आठ दिन पहले एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका साइमा ने लगभग एक वर्ष पहले ठरू गांव निवासी सावन से अंतरधार्मिक प्रेम विवाह किया था। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष ने इसे प्राकृतिक मौत बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका के भाई सैफ ने बताया कि 12 अप्रैल को गांव के सरपंच का फोन आया, जिसमें कहा गया कि साइमा (23) के साथ हादसा हो गया है और वह अस्पताल में भर्ती है। कुछ देर बाद पुलिस का फोन भी आया। जब परिवार सोनीपत अस्पताल पहुंचा तो पता चला कि साइमा की मौत हो चुकी है। सैफ का आरोप है कि साइमा को शादी के बाद से दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। परिवार ने 50 हजार रुपये भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। परिजनों के अनुसार साइमा के शरीर पर चोट के निशान थे और कान के पीछे नीला निशान दिखाई दिया। वह लगभग पांच माह की गर्भवती थी।

परिवार ने बताया कि साइमा और सावन की मुलाकात गन्नौर की एक लाइट बनाने वाली कंपनी में नौकरी के दौरान हुई थी। जनवरी 2025 में बातचीत शुरू हुई और 22 अप्रैल 2025 को दोनों ने दिल्ली में न्यायालय विवाह कर लिया। साइमा के भाई सैफ ने बताया कि तीन माह पहले साइमा मायके आई थी और ससुराल में प्रताड़ना की बात बताई थी, लेकिन रिश्ते को बचाने के लिए वह वापस चली गई।

ससुराल पक्ष की ओर से सास मीना ने कहा कि साइमा शारीरिक रूप से कमजोर थी और उसे अक्सर चक्कर आते थे। 11 अप्रैल की रात भी उसे चक्कर आए और वह जमीन पर गिर गई। तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई। परिवार ने इसे प्राकृतिक घटना बताया है।

सदर थाना प्रभारी अशोक ने बताया कि सैफ की शिकायत पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

About The Author