सोनीपत क्राइम: इंस्टाग्राम जाल में फंसाकर यूके भेजने के नाम पर लाखों ठगे
AI से जनरेट फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि मोहाली स्थित वीजा कंसल्टेंसी के संचालक व कर्मचारियों ने उसके बेटे को यूके भेजने का झांसा देकर 10 लाख 48 हजार 701 रुपये हड़प लिए। न वीजा लगवाया गया और न ही राशि वापस की गई।
पीड़ित जयदीप ने बताया कि मई 2025 में उसके बेटे शिवा को इंस्टाग्राम के माध्यम से न्यू होराइजन वीजा कंसल्टेंसी की जानकारी मिली। कम्पनी ने यूके वीजा दिलाने का भरोसा दिया। कर्मचारी सुमन ने कुल खर्च 16 लाख रुपये बताया और शुरुआत में 4 लाख रुपये जमा कराने को कहा। फाइल शुरू करने के नाम पर 11 हजार 800 रुपये लिए गए। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में 20 हजार रुपये यूपीआई से तीन लाख 80 हजार रुपये नकद तथा चार लाख 48 हजार रुपये का चेक जमा कराया गया। साथ ही एम्बेसी फीस, इंटरव्यू व बायोमेट्रिक के नाम पर भी राशि वसूली गई। 22 अगस्त 2025 को बेटे को चंडीगढ़ बायोमेट्रिक के लिए बुलाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर बताया गया कि अपॉइंटमेंट रद्द हो गई है। एक सप्ताह में नई तारीख देने का आश्वासन दिया गया, जो पूरा नहीं हुआ।
कई बार सम्पर्क करने पर भी कर्मचारियों ने टालमटोल किया और कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद पीड़ित ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी।
जांच के बाद थाना मुरथल में मंगलवार को मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच एएसआई को सौंपी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की गहन जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
