March 23, 2026

सोनीपत: शहीदों को नमन, राष्ट्र भ्रातृ यज्ञ में उमड़ा जनसैलाब

Salute to the martyrs, huge crowd gathered in the National Brotherhood Yagya

शहीदों को नमन, राष्ट्र भ्रातृ यज्ञ में उमड़ा जनसैलाब।

सोनीपत, अजीत कुमार। 23 मार्च को महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के 95वें बलिदान दिवस के अवसर पर तहसील खरखोदा, जिला सोनीपत के गढ़ी सैनी मोहल्ला स्थित चौपाल में राष्ट्र भ्रातृ यज्ञ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, महिलाएं, बच्चे और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

इस यज्ञ के ब्रह्म के रूप में जगदीश शास्त्री ने विधिवत अनुष्ठान संपन्न कराया। कार्यक्रम संयोजक एवं राष्ट्रीय कवि-लेखक ऋषिपाल भदाना के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने यज्ञ में आहुतियां देकर तथा पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, कविता पाठ और भजन प्रस्तुत कर माहौल को भावनात्मक बना दिया। कुल 47 बच्चों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में भंडारे का भी आयोजन किया गया। बेटी प्रियांशी ने अपनी प्रस्तुति “चलो चले उस राह पर जहां वतन की शान है…” से सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर ऋषिपाल भदाना ने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे क्रांतिकारी कभी मरते नहीं, वे सदा अमर रहते हैं और युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहते हैं। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में ऋषिपाल भदाना का मोहल्ला निवासियों द्वारा स्वागत किया गया तथा सावित्रीबाई फुले समिति द्वारा उन्हें ‘राष्ट्रीय कवि गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। संचालन बेटी अंजलि ने किया। समारोह में शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

About The Author