सोनीपत: अनुसूचित जाति किसानों के ट्रैक्टरों का भौतिक सत्यापन सम्पन्न
सोनीपत: अनुसूचित जाति के किसानों को दिए गए ट्रैक्टरों का सत्यापन मौके पर किसान व अधिकारी।
सोनीपत, अजीत कुमार। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में एसबी-89 योजना के तहत अनुसूचित जाति के किसानों को दिए गए ट्रैक्टरों का शुक्रवार को भौतिक सत्यापन किया गया। विभाग के उप निदेशक डॉ पवन शर्मा ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत जिले में आठ किसानों को 45 एचपी से अधिक क्षमता वाले ट्रैक्टरों पर अधिकतम तीन लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि सोनीपत उप मण्डल के किसानों के ट्रैक्टरों का सत्यापन सहायक कृषि अभियंता कार्यालय राई में किया गया, जबकि गोहाना उप मण्डल के किसानों के ट्रैक्टरों का सत्यापन उप मण्डल कृषि अधिकारी कार्यालय गोहाना में सम्पन्न हुआ। सत्यापन के दौरान संबंधित किसान उपस्थित रहें।
इस प्रक्रिया में तकनीकी सहायक जय सिंह, जेई संदीप तथा जीएसटी विभाग के टैक्स निरीक्षक अनिल और रामअवतार की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने सभी आवश्यक दस्तावेजों और ट्रैक्टरों का भौतिक मिलान कर सत्यापन पूरा किया।
विभाग के अनुसार, सोनीपत और गोहाना दोनों उप मण्डलों में 4-4 ट्रैक्टरों का सफलतापूर्वक सत्यापन किया गया है। अब विभाग द्वारा डीबीटी माध्यम से प्रति ट्रैक्टर तीन लाख रुपये की अनुदान राशि सीधे किसानों के खातों में जमा कराई जाएगी।
