सोनीपत: रेलवे स्टेशन के बाद बस अड्डे पर मिला संदिग्ध सीसीटीवी
सोनीपत: बस अड्डे पर पेड पर लगा हुआ संदिग्ध सीसीटीवी कैमरा।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत शहर में संदिग्ध सीसीटीवी कैमरों के मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब मुख्य बस अड्डे के पिछले गेट पर एक संदिग्ध सीसीटीवी कैमरा मिलने से सुरक्षा एजेंसियोँ में हड़कंप मच गया।इससे पहले रेलवे स्टेशन के पास में मिला था। भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का उपकरण मिलने से आम लोगों की सुरक्षा और निजता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस अड्डे के पिछले गेट के पास एक सूखे पेड़ पर टेप की सहायता से सीसीटीवी कैमरा चिपकाया गया था। स्थानीय लोगोँ की नजर इस पर पड़ते ही उन्होँने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कैमरा किसने लगाया और इसका कनेक्शन कहां से जुड़ा हुआ है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कैमरा लाइव रिकॉर्डिंग कर रहा था या केवल डाटा संग्रह के लिए लगाया गया था। अधिकारियोँ ने फिलहाल मामले पर कुछ भी कहने से इनकार किया है और पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सोनीपत रेलवे स्टेशन के पास भी एक पोल पर इसी प्रकार का संदिग्ध सीसीटीवी कैमरा मिल चुका है। लगातार सार्वजनिक स्थानोँ पर ऐसे उपकरण मिलने से किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। शहरवासियों में इस घटना को लेकर डर और चिंता का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जाए और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
