सोनीपत: गोहाना कॉलेज में छात्राओं को सुरक्षा कानूनों की जानकारी दी
सोनीपत: महिला थाना गोहाना प्रभारी निरीक्षक परमजीत कौर संबोधित करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस द्वारा महिलाओं व लड़कियों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान के अंतर्गत गोहाना स्थित गवर्मेन्ट गर्ल्स कॉलेज में महिला थाना गोहाना की टीम ने पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देश पर गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्राओं व अध्यापकों को कानूनी प्रावधानों तथा सुरक्षा सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के बारे में बताते हुए बच्चों के अधिकारों, यौन शोषण से बचाव और ऐसी किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही डायल-112 सेवा, ट्रिप मॉनिटरिंग और साइबर अपराध से बचने के उपायों पर भी जानकारी साझा की गई।
महिला थाना गोहाना प्रभारी निरीक्षक परमजीत कौर ने बताया कि आपात स्थिति में डायल-112 पर कॉल कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है। ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने और सोशल मीडिया पर अजनबियों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं व शिक्षकों ने जानकारी को उपयोगी बताते हुए सराहना की। पुलिस द्वारा महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान लगातार जारी हैं, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और अपराधों पर अंकुश लगे।
