March 18, 2026

सोनीपत: बार काउंसिल चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 176 अधिवक्ताओं ने किया मतदान

Sonipat: Bar Council elections conclude peacefully, 176 advocates cast their votes

सोनीपत: मतदान के दौरान उपस्थित गन्नौर बार एसोसिएशन के सदस्य।

गन्नौर, अजीत कुमार। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के सदस्यों के लिए बुधवार को गन्नौर में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जानकारी बार एसोसिएशन के प्रधान गौरव त्यागी ने दी। उन्होंने बताया कि चुनाव अधिकारी मोहित गिरी की देखरेख में यह चुनाव कराया गया, जिसमें बार एसोसिएशन के 190 सदस्यों में से 176 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव प्रक्रिया एक ही मतदान केंद्र पर पूरी कराई गई।

मतदान सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चला। पूरे दिन अधिवक्ताओं में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला और किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की सूचना सामने नहीं आई। गौरव त्यागी ने बताया कि इस चुनाव में 23 सदस्यों का चयन किया जाना है, जिसके लिए कुल 157 प्रत्याशी मैदान में हैं। गन्नौर से भी एक उम्मीदवार चुनावी रेस में शामिल है, जिसे लेकर स्थानीय अधिवक्ताओं में विशेष रुचि रही। मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। मतदान संपन्न होने के बाद बैलेट बाक्स को सुरक्षित रूप से आगे की प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।

About The Author