सोनीपत: बिजली बिल बकाया पर कनेक्शन काटा, विवाद गहराया
सोनीपत: गांव तिहाड़ कलां में बकाया बिल के चलते काफी लोगों के कनेक्शन काटे गए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के भटगांव बिजली उपकार्यालय से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां गांव तिहाड़ कलां में बकाया बिजली बिल के कारण सरपंच का कनेक्शन काटे जाने के बाद विवाद उत्पन्न हो गया। जानकारी के अनुसार बिजली विभाग की टीम बकाया वसूली के लिए गांव में पहुंची थी।
विभागीय नियमों के तहत जिन उपभोक्ताओं के छह माह से एक वर्ष तक बिल लंबित रहते हैं, उनके कनेक्शन अस्थायी रूप से काटे जाते हैं। इसी क्रम में सरपंच पर लगभग 25 हजार रुपये का बकाया होने के कारण उनका कनेक्शन भी काट दिया गया। इसके बाद कर्मचारियों के साथ विवाद की स्थिति बन गई और धमकी देने के आरोप सामने आए हैं। बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता वेदांत के नेतृत्व में टीम में चार लाइनमैन शामिल थे। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। इस घटना के बाद कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
बिजली निगम कर्मचारी संघ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विरोध जताया है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि कर्मचारी एक ओर विभागीय दबाव में बकाया वसूली का कार्य कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें क्षेत्र स्तर पर विरोध और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में कार्य करना कठिन हो गया है।
संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक मामले में दोषी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक भटगांव उपकार्यालय बंद रखकर धरना जारी रहेगा। कर्मचारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना कार्य सुचारु रूप से करना संभव नहीं है। बिजली निगम द्वारा बकाया वसूली अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है, ताकि लंबित बिलों की वसूली सुनिश्चित की जा सके। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक कर्मचारियों को न्याय नहीं मिलता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने सभी कर्मचारी साथियों को आश्वस्त किया कि यूनियन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।
