सोनीपत क्राइम: संपत्ति विवाद में देवर-भाभी की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में लगी
सोनीपत: जांच के पहुंले अधिकारी इनसेट में मृतकों के फाइल फोटो
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में मंगलवार को एक घर में बुजुर्ग देवर और भाभी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। देवर का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि भाभी का शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतकों की पहचान सेक्टर-14 निवासी महावीर राणा (74) और आशा रानी (75) के रूप में हुई है। दोनों एक ही मकान में रहते थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पहली मंजिल पर अलग निवास कर रहे थे। मंगलवार सुबह सफाई कर्मी घर पहुंची, लेकिन दरवाजे बंद मिलने पर लौट गई। दोपहर में दोबारा आने पर भी स्थिति वैसी ही रही, जिससे शक होने पर पड़ोसियों को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो घटना का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान कमरे में बेड बॉक्स और अलमारी पर चॉक से लिखे दो संदेश मिले। इनमें आरोप लगाया गया कि मृतक के भाई की हत्या भाभी, उसकी बहन और बहन के पति ने की थी। पुलिस ने इन लिखित संदेशों को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया है और उनकी सत्यता की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान तीन हिस्सों में बंटा हुआ था और संपत्ति को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशा रानी अपने हिस्से की जमीन बेचना चाहती थीं, जिसको लेकर मतभेद थे। उनके पति की वर्ष 2022 में इसी मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी। सूचना के बाद थाना सेक्टर-27 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोनीपत के सेक्टर-27 थाना प्रभारी सवित का कहना कि फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
