सोनीपत: कांग्रेस बिखराव की ओर, संजय भाटिया को दी जीत की बधाई: बडौली
सोनीपत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद संजय भाटिया को जीत की बधाई देते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद संजय भाटिया को जीत की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि संजय भाटिया अपने लंबे राजनीतिक अनुभव से उच्च सदन में हरियाणा की आवाज को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
मंगलवार को मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी आंतरिक संघर्ष और गुटबाजी से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने विधायकों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाती रही, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पार्टी को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है। उनके अनुसार कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है और कई विधायक पार्टी से असंतुष्ट हैं।
उन्होंने कहा कि हाल के घटनाक्रम ने कांग्रेस की अंतर्कलह को फिर उजागर कर दिया है। संख्याबल होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी का केवल एक मत से जीतना उनकी एकजुटता के दावों पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का भरोसा भी पार्टी से उठता जा रहा है और आने वाले समय में स्थिति और खराब हो सकती है। इनेलो पर भी टिप्पणी करते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि वह कांग्रेस की बी टीम की तरह व्यवहार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इनेलो ने चुनाव का बहिष्कार कर अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस का समर्थन किया और अपने विधायकों को मतदान से रोका, जो लोकतंत्र के खिलाफ है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को जन-जन का समर्थन मिल रहा है और जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं, किसानों, गरीबों और युवाओं के हित में काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा तेजी से विकास कर रहा है। अंत में उन्होंने संजय भाटिया के सफल कार्यकाल और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की कामना दोहराई।
