March 17, 2026

32 किमी की “खाटू श्याम निशान पदयात्रा” ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश: दिल्ली धाम में हुआ भव्य स्वागत

The 32-km Khatu Shyam Nishan Padyatra gave the message of social harmony and was given a grand welcome at Delhi Dham.

नई दिल्ली, अजीत कुमार। यमुनापार स्थित गगन विहार के श्री महाशक्ति दुर्गा मंदिर से अलीपुर स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर (दिल्ली धाम) तक चौथी “खाटू श्याम निशान पदयात्रा” सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुई। लगभग 32 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में विभिन्न धर्मों और समाजों के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जो आपसी सौहार्द और एकता का प्रतीक बना।

पदयात्रा का शुभारंभ सुबह विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देशबंधु गुप्ता एवं मंदिर प्रधान सुशील गुप्ता ने “निशान” की पूजा कर यात्रा को रवाना किया। यात्रा का आयोजन श्री खाटू श्याम दिल्ली धाम प्रबंधन ट्रस्ट के फाउंडर ट्रस्टी महावीर गोयल के संयोजन में किया गया।

करीब 8 घंटे की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से जयकारे लगाते हुए “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो” और “प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो” जैसे संदेश दिए। यह पदयात्रा न केवल आस्था का प्रतीक रही, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और सद्भाव को मजबूत करने का माध्यम भी बनी।

अलीपुर स्थित खाटू श्याम मंदिर (दिल्ली धाम) पहुंचने पर ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता जावेरी एवं उनकी टीम ने सभी पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए चाय, नाश्ता और भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई, जिससे सेवा भावना भी स्पष्ट रूप से झलकती रही।

पदयात्रा के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने “निशान” अर्पित कर मंदिर परिसर के विभिन्न धामों और घाटों के दर्शन किए। यह आयोजन सामाजिक समरसता, धार्मिक सहिष्णुता और मानवता के मूल्यों को सशक्त करने का प्रेरणादायक उदाहरण बना।

About The Author