सोनीपत: बरोदा-गोहाना में प्रशिक्षण महाअभियान की ड्यूटियां तय
सोनीपत: पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रदीप सांगवान।
सोनीपत, अजीत कुमार। बरोदा हलका से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के जिला गोहाना संयोजक प्रदीप सांगवान ने बरोदा और गोहाना विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर रविवार को कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां तय कीं। शहर स्थित निजी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम मंडल स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षण सत्रों में कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, संगठन की कार्यप्रणाली और जनसंपर्क के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। महाअभियान का उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाना और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता तैयार करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मार्च माह के अंत तक यह अभियान पूर्ण कर लिया जाएगा।
प्रदीप सांगवान ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आधार बनाकर कार्यकर्ताओं में सेवा भाव, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण की भावना विकसित की जाएगी। कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए अलग-अलग मंडलों में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस अवसर पर जिला महामंत्री महेंद्र चिड़ाना, जितेन्द्र शर्मा, डॉ. रमेश कश्यप, सूरत सिंह, राजेश भावड़, सरपंच पवन शर्मा, डॉ. राममेहर राठी, अशोक सैन, सरपंच इंद्रपाल और नरेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
