January 26, 2026

गुजरात: कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे ने पत्नी की हत्या के बाद की आत्महत्या, दो माह पहले हुई थी शादी

Congress MP Shaktisinh Gohil's nephew commits suicide after killing his wife; they were married two months ago.

कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे ने पत्नी की हत्या के बाद की आत्महत्या, दो माह पहले हुई थी शादी।

गुजरात। गुजरात से एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे तथा गुजरात मैरीटाइम बोर्ड में अधिकारी यशराज सिंह गोहिल ने पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। महज दो महीने पहले हुई इस शादी के बाद यह घटना पूरे इलाके में शोक और हड़कंप का कारण बन गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। घटना अहमदाबाद के वस्त्रापुर इलाके के एक हाईराइज फ्लैट में हुई, जहां यशराज अपनी पत्नी और मां के साथ रहते थे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

घटना कैसे हुई
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात यशराज और उनकी पत्नी राजेश्वरी के बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि इसी दौरान यशराज ने लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को गोली मार दी। इसके बाद उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा पर कॉल किया। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया, जिसके बाद यशराज ने भी खुद को गोली मार ली।

मां दूसरे कमरे में थीं
घटना के वक्त यशराज की मां फ्लैट के दूसरे कमरे में मौजूद थीं। उन्हें इस भयावह घटना की जानकारी तब हुई, जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। झगड़े की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

रिश्तेदार के यहां से लौटने के बाद विवाद
परिजनों के मुताबिक, दंपति बुधवार रात एक रिश्तेदार के यहां डिनर पर गए थे। लौटने के बाद किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो पहले मारपीट और फिर हत्या तक पहुंच गई।

विदेश जाने की थी तैयारी
करीबी सूत्रों के अनुसार, यशराज और उनकी पत्नी अगले महीने विदेश यात्रा की योजना बना रहे थे। दोनों के वीजा की प्रक्रिया भी चल रही थी। यशराज को कारों और बंदूकों का शौक बताया जा रहा है।

शक्तिसिंह गोहिल का राजनीतिक परिचय
शक्तिसिंह गोहिल गुजरात के वरिष्ठ कांग्रेस नेता हैं। वे पांच बार विधायक रह चुके हैं और 2020 में राज्यसभा सांसद बने। 2022 में प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष भी रहे। इस पारिवारिक त्रासदी से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है।

About The Author