March 6, 2026

सोनीपत: दिल्ली रेस्क्यू आपरेशन में घायल गुमड़ गांव के लीडिंग फायरमैन का निधन

Leading fireman from Gumad village, injured in Delhi rescue operation, passes away

सोनीपत: मृतक लीडिंग फायरमैन सुरेश पहल का फाइल फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। दिल्ली दमकल विभाग में कार्यरत गन्नौर के गांव गुमड़ निवासी लीडिंग फायरमैन 55 वर्षीय सुरेश पहल की आग बुझाने के दौरान हुए सिलेंडर विस्फोट में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत के बाद परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने दिल्ली सरकार से उन्हें शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई है।

जानकारी के अनुसार 22 फरवरी को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मजलिस पार्क क्षेत्र में एक चार मंजिला भवन में भीषण आग लग गई थी। आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान इमारत में रखा एलपीजी सिलेंडर अचानक फट गया, जिसकी चपेट में आकर कई लोग घायल हो गए। हादसे में दमकल विभाग के तीन अधिकारी, दिल्ली पुलिस के तीन जवान और आठ आम नागरिक समेत कुल 14 लोग घायल हुए थे। इनमें लीडिंग फायरमैन सुरेश पहल के अलावा फायर अधिकारी वेद प्रकाश और सीताराम मीणा भी गंभीर रूप से झुलस गए थे। घायलों को पहले मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से सुरेश को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें सर गंगा राम अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को उनको अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के बेटे सचिन पहल ने बताया कि उनके पिता 1996 में दमकल विभाग में फायर आपरेटर के पद पर भर्ती हुए थे और सितंबर 2025 में उन्हें लीडिंग फायरमैन बनाया गया था।

About The Author