सोनीपत क्राइम: पुरानी रंजिश में कुल्हाड़ी डंडों से हमला, दो युवक घायल
सोनीपत: दीपांशु और शमशेर का निजी अस्पताल में उपचार करवाते हुए।
सोनीपत। सोनीपत जिले के थाना सदर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक और उसके दोस्त पर कुल्हाड़ी व डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले नागरिक अस्पताल सोनीपत में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उच्च चिकित्सा संस्थान रोहतक तथा बाद में निजी अस्पताल सोनीपत रेफर किया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खेड़ी दहिया निवासी दीपांशु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह स्नातक का छात्र है। उसका गांव के ही हिमांशु से पहले से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया।
शिकायत के अनुसार, घटना शाम करीब पांच बजे की है। दीपांशु अपने दोस्त शमशेर निवासी ककरोई के साथ गांव स्थित शिव मंदिर की ओर जा रहा था। जब दोनों शिव मंदिर चौक पर पहुंचे, तभी पीछे से हिमांशु, कृष्ण और एक महिला ने गाली-गलौज शुरू कर दी। गालियां देने से मना करने पर आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया।
आरोप है कि कृष्ण ने हाथ में ली कुल्हाड़ी से दीपांशु के सिर पर वार किया। शमशेर जब उसे बचाने आया तो उस पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने डंडों से दोनों युवकों की बेरहमी से पिटाई की। हमले के दौरान रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी दी गई और आरोपी हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। गंभीर चोटों के कारण दोनों युवक मौके पर ही बेहोश हो गए।
परिजनों ने दोनों घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल सोनीपत पहुंचाया। वहां से उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रोहतक और बाद में निजी अस्पताल सोनीपत रेफर किया गया।
एक जनवरी 2026 को नागरिक अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक आपसी झगड़े में घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक अजीत सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकीय कानूनी रिपोर्ट प्राप्त की। पीड़ित की लिखित शिकायत और रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। जांच सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र द्वारा की जा रही है।
