March 23, 2026

सोनीपत हादसा: कार डिवाइडर से टकराई, दो दोस्तों की मौत, पांच घायल

Two friends killed, five injured as car hits divider

सोनीपत: हादसे में मृतक विशाल व बिलाल का फाइल फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर सोमवार की अल सुबह सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। सभी युवक दिल्ली से मुरथल के ढाबों पर परांठे खाने के बाद वापस लौट रहे थे। हादसा राई क्षेत्र के पास उस समय हुआ, जब उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मृतकों की पहचान 25 वर्षीय बिलाल और 24 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है। कार बिलाल चला रहा था। हादसे में घायल अन्य साथियों में साहिब, ऊकेद, राहुल, फरिया और ताबीस शामिल हैं। प्रारंभिक उपचार के बाद कुछ को छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रोहतक रेफर किया गया। सोमवार को परिजन घायलों दिल्ली के अस्पतालों में ले गए।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के चांद बाग और भजनपुरा क्षेत्र के सात दोस्तों ने रविवार रात मुरथल जाने का कार्यक्रम बनाया था। सभी एक ही कार में सवार होकर ढाबे पर पहुंचे और भोजन किया। इसके बाद अल सुबह वे दिल्ली लौट रहे थे। राई के पास पहुंचते ही कार का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।

हादसे में बिलाल और विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। बिलाल परिवार का मुख्य सहारा था और निजी वाहन चालक के रूप में कार्य करता था। उसकी सगाई हो चुकी थी और शीघ्र ही विवाह होने वाला था। इस घटना से परिवार में शोक की लहर है।

घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की गहन छानबीन जारी है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author