March 9, 2026

आज होगा टी-20 वर्ल्ड कप का महामुकाबला: भारत-न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में फाइनल, टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का मौका

The T20 World Cup final will be held today: India-New Zealand final in Ahmedabad, Team India has a chance to create history.
  • शाम 7 बजे से नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू होगा मुकाबला
  • भारत तीसरी ट्रॉफी और लगातार दूसरा खिताब जीतने के करीब
  • न्यूजीलैंड पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने की कोशिश में

भारत-न्यूजीलैंड के बीच खिताबी जंग: टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल आज डिफेंडिंग चैंपियन भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में आमने-सामने होंगी।

भारत दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीत चुका है और चौथी बार फाइनल में पहुंचा है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम दूसरी बार फाइनल खेलेगी और अपनी पहली टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगी। इससे पहले 2021 के फाइनल में न्यूजीलैंड को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

वर्ल्ड कप में भारत पर भारी रहा न्यूजीलैंड
टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतर रहा है, लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप में तस्वीर अलग है। टूर्नामेंट के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक तीन मुकाबले हुए हैं और तीनों में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की है। ये मैच 2007, 2016 और 2021 में खेले गए थे।

आंकड़ों में भारत मजबूत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 इंटरनेशनल में अब तक 30 मैच खेले गए हैं। इनमें भारत ने 18 मुकाबले जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 में जीत मिली है और एक मैच टाई रहा है। भारत ने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 16 में से 11 मैच जीते हैं।

इस साल जनवरी में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी, जहां पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारत ने 4-1 से जीत हासिल की थी।

भारत के पास इतिहास रचने का मौका

  • फाइनल मुकाबले में भारत के पास कई बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका है।
  • भारत तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन सकता है।
  • टीम इंडिया लगातार दो बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन सकती है।
  • भारत घरेलू मैदान पर टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश भी बन सकता है।

भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन
इस वर्ल्ड कप में ईशान किशन भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 263 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 242 रन बनाए हैं।

गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने 8 मैचों में 13 विकेट लिए हैं और वे आज एक विकेट लेकर टूर्नामेंट के टॉप विकेट टेकर बन सकते हैं।

न्यूजीलैंड के प्रमुख खिलाड़ी
न्यूजीलैंड के लिए फिन एलन इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 8 मैचों में 289 रन बनाए हैं। सेमीफाइनल में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 100 रन की पारी खेली थी।

गेंदबाजी में रचिन रवींद्र ने 8 मैचों में 11 विकेट लेकर टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई है।

बैटिंग फ्रेंडली होगी पिच
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। काली और लाल मिट्टी से तैयार इस पिच पर स्पिन कम लेकिन पेस और बाउंस देखने को मिलेगा, जिससे बल्लेबाजों को फायदा हो सकता है।

यहां अब तक खेले गए 14 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 8 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है। इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर 234 रन है, जो भारत ने 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था।

मौसम और रिजर्व डे

अहमदाबाद में फाइनल के दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। फाइनल के लिए ICC ने रिजर्व डे भी रखा है। अगर किसी कारण 8 मार्च को मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो 9 मार्च को मुकाबला खेला जाएगा।

संभावित प्लेइंग-11
भारत:
संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।

न्यूजीलैंड:
फिन एलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैकॉन्ची, मैट हेनरी, जिमी नीशम, लॉकी फर्ग्यूसन।

About The Author