February 21, 2026

सोनीपत: गूमड़ में फिट इंडिया ग्राम उत्सव से नशामुक्ति संदेश दिया

The message of de-addiction was given through the Fit India Village Festival in Gumad.

सोनीपत: गुमड में फिट इंडिया के विजेताओं को सम्मानित करते हुए पुलिस उपायुक्त प्रबीना पी

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले की गन्नौर तहसील के गांव गूमड़ स्थित खेल स्टेडियम में फिट इंडिया ग्राम उत्सव का आयोजन शनिवार को किया गया। सोनीपत पुलिस और भारतीय खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच देना, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना और नशामुक्त समाज का संदेश फैलाना रहा।

पुलिस आयुक्त ममता सिंह के आदेश पर पूर्वी जोन की पुलिस उपायुक्त प्रबीना पी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उत्सव की शुरुआत योग और साइकिल दौड़ से हुई, जिसके बाद विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 400 मीटर दौड़ बालक और बालिका वर्ग के लिए तथा 100 मीटर दौड़ 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए आयोजित हुई। सर्किट बाधा दौड़ में प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए मटका दौड़, नींबू-चम्मच दौड़, तीन टांग दौड़ और गुब्बारा फेंक प्रतियोगिता ने माहौल को रोचक बनाया। वॉलीबॉल और रस्साकशी मुकाबलों में टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही।

उत्सव में सामाजिक संदेश को भी प्रमुखता दी गई। नशा छोड़ो, फिटनेस जोड़ो विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। अंत में प्रतिभागियों और ग्रामीणों ने स्वस्थ जीवन अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। समापन पर पुलिस उपायुक्त ने खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। सहायक पुलिस आयुक्त ऋषिकांत, विपिन अहलावत, थाना गन्नौर प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार सहित पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

About The Author