December 14, 2025

जीव-जंतुओं के बिना पृथ्वी सूनी हो जाएगी: श्यो प्रसाद

The earth would be desolate without animals: Sheo Prasad

जीव-जंतुओं के बिना पृथ्वी सूनी हो जाएगी: श्यो प्रसाद

सोनीपत। गवर्नमेंट स्कूल रिढाऊ में हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड की ओर से जैव विविधता जागरूकता अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर श्यो प्रसाद ने की। उन्होंने बच्चों के बीच अपने विचार साझा करते हुए कहा कि पृथ्वी पर मौजूद लाखों प्रकार के जीव-जंतु, कीड़े-मकोड़े, पक्षी और अन्य प्रजातियां हमारे वातावरण के लिए अत्यंत जरूरी हैं। इन्हें भी पृथ्वी पर उतना ही अधिकार है जितना कि मनुष्यों को। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जीव-जंतुओं का अस्तित्व तेजी से खत्म होता रहा तो आने वाली पीढ़ियों के लिए यह सिर्फ कहानी और तस्वीरों का विषय बनकर रह जाएंगे।

श्यो प्रसाद ने बताया कि बहुत से जीव-जंतु मानव जीवन के लिए लाभदायक हैं, जबकि कुछ हानिकारक भी। फिर भी प्रकृति के संतुलन में हर जीव की अपनी भूमिका होती है। उन्होंने रंग-बिरंगे पक्षियों, तितलियों और मछलियों का उदाहरण देते हुए कहा कि ये न केवल प्रकृति की सुंदरता हैं, बल्कि कृषि व्यवस्था में भी अहम भूमिका निभाते हैं। तितलियों और मधुमक्खियों के जरिए पौधों के परागकण एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचते हैं, जिससे नए पौधों का जन्म संभव होता है और जैव विविधता बनी रहती है।

कार्यक्रम के अंत में स्कूल के अध्यापक धीर सिंह ने बच्चों को बताया कि मिड-डे मील में उपयोग होने वाली सब्जियों—जैसे पालक, धनिया, पुदीना और घीया—को स्कूल के ही किचन गार्डन में उगाया जाता है। इससे बच्चों को ताजी और ऑर्गेनिक सब्जियां मिलती हैं और उन्हें पौधों के महत्त्व का व्यावहारिक ज्ञान भी मिलता है। कार्यक्रम में मनोज कुमार, सतीश सहित कई अध्यापक मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *