भारत पर बयानबाजी से फिर गरमाया माहौल, UN में फटकार के बाद शहबाज शरीफ का बड़ा दावा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अगस्त में UN महासभा में भारत को दुश्मन बताया था।
पाकिस्तान। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बार फिर भारत के खिलाफ तीखा बयान देकर दोनों देशों के बीच तनाव को हवा दी है। खैबर पख्तूनख्वा के हरिपुर यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान शहबाज शरीफ ने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना ने भारत को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे वह दिल्ली से मुंबई तक कभी नहीं भूल पाएगा। उन्होंने इसे पाकिस्तान की “जीत” करार देते हुए कहा कि यह सफलता सेना को जनता की दुआओं से मिली। शहबाज का यह बयान ऐसे समय आया है, जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ी फटकार लगाई है।
87 घंटे के संघर्ष में जीत का दावा
शहबाज शरीफ ने कहा कि 87 घंटे तक चले संघर्ष में पाकिस्तान ने भारत के 6 लड़ाकू विमान गिराए, जिनमें तीन राफेल शामिल थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तानी सेना ने कई भारतीय ड्रोन भी मार गिराए। हालांकि भारत की ओर से इन दावों को पहले ही बेबुनियाद बताया जा चुका है।
पहलगाम हमले के बाद बढ़ा तनाव
पाक प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर आरोप लगाते हुए सैन्य कार्रवाई की। 22 अप्रैल को हुए इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी और भारत ने इसे पाकिस्तान समर्थित आतंकियों की करतूत बताया था।
UN में भारत की सख्ती से बौखलाहट
शहबाज शरीफ का बयान संयुक्त राष्ट्र में भारत की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद सामने आया है। भारत के राजदूत हरिश पर्वतनेनी ने सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान को आतंकवाद का केंद्र बताते हुए उसकी आंतरिक राजनीति और सेना के बढ़ते दखल पर सवाल उठाए थे। भारत ने पाकिस्तान की स्थिति को “संवैधानिक तख्तापलट” करार दिया था।
कश्मीर पर पाक दावों को भारत ने नकारा
भारतीय राजदूत ने स्पष्ट कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न और अविभाज्य हिस्से हैं। उन्होंने पाकिस्तान द्वारा कश्मीर का बार-बार जिक्र किए जाने को उसकी खतरनाक सोच का प्रतीक बताया और कहा कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों का दुरुपयोग कर रहा है।
पहले भी ऐसे दावे कर चुके हैं शहबाज
यह पहली बार नहीं है जब शहबाज शरीफ ने ऐसे बयान दिए हों। इससे पहले भी उन्होंने UN में दावा किया था कि पाकिस्तान ने भारत के 7 विमान गिराए थे और भारत को “कट्टरपंथी” बताया था।
ऑपरेशन सिंदूर और एयरबेस पर हमले
भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया। इसके बाद 9 और 10 मई को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कई एयरबेस को निशाना बनाया था, जिससे हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए।
