February 26, 2026

सोनीपत: परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण, नकल पर सख्त कार्रवाई

Surprise inspections at examination centres, strict action against cheating

सोनीपत: परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त सुशील सारवान।

सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की गणित परीक्षा को नकल रहित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। गुरुवार को उपायुक्त सुशील सारवान ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंंधों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों तथा अन्य कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूर्णतः नकल मुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं तथा सीसीटीवी के माध्यम से भी सतत निगरानी की जा रही है।

उपायुक्त ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति नकल करते, कराते या इसमें सहयोग करते पाया गया तो उसके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन का दायित्व है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी।

जिले के सभी उपमंडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। वे लगातार परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त विशेष जांच दल भी सक्रिय हैं, जिनमें बोर्ड की टीमें सम्मिलित हैं। इन दलों को नियमित निरीक्षण तथा किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे जिले में परीक्षाएं शांतिपूर्ण और नकल मुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाएंगी।

About The Author