February 22, 2026

सोनीपत डीसी सुशील सारवान: नशा नियंत्रण को लेकर जिला स्तरीय समन्वय बैठक में सख्त निर्देश

Strict instructions given in district level coordination meeting regarding drug control

सोनीपत: उपायुक्त सुशील सारवान जिला स्तरीय ड्रग नियंत्रक एवं समन्वयक बैठक की अध्यक्षता करते हुए।

सोनीपतजिले में नशा नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त सुशील सारवान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय ड्रग नियंत्रक एवं समन्वयक बैठक बुधवार को की गई। बैठक में नशा नियंत्रण से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने और विभागीय समन्वय को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसका उन्मूलन प्रशासन अकेले नहीं कर सकता। इसके लिए सभी विभागों, सामाजिक संस्थाओं और आमजन की संयुक्त भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन इस दिशा में पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रहा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, राजस्व विभाग तथा संबंधित प्रवर्तन इकाइयों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी विभागों ने अपने-अपने क्षेत्र में की गई कार्रवाई, जनजागरूकता प्रयासों और प्रगति की जानकारी दी। साथ ही आगामी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दवा दुकानों और मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाए। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त रूप से नियमित कार्रवाई की जाए। विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर और प्रभावी ढंग से चलाने पर भी बल दिया गया। उन्होंने नशा करने वाले व्यक्तियों के उपचार, परामर्श और पुनर्वास के लिए स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक संस्थाओं के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके। बैठक में पुलिस, न्यायिक प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author