सोनीपत विधायक निखिल मदान: सुभाष स्टेडियम में खेल सुविधाएं बढ़ेंगी, विधानसभा में उठा मुद्दा
सोनीपत: विधान सभा में अपनी बात रखते हुए विधायक निखिल मदान।
सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में प्रश्न काल के दौरान शुक्रवार को सोनीपत के सुभाष स्टेडियम में खेल सुविधाएं बढ़ाने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। विधायक निखिल मदान ने सदन में स्टेडियम के नवीनीकरण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सरकार की ओर से विस्तृत जवाब देते हुए स्टेडियम के विकास की योजनाओं की जानकारी दी।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि शहर के मध्य स्थित सुभाष स्टेडियम में कुश्ती, कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल जैसे खेलों के लिए आधुनिक इनडोर स्टेडियम बनाने की आवश्यकता है। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए आधुनिक व्यायामशाला, शौचालय और ड्रेसिंग रूम की व्यवस्था भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम का स्तर सड़क से लगभग आठ से दस फीट नीचे होने के कारण बरसात के समय यहाँ जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास में कठिनाई होती है। इस समस्या के समाधान के लिए स्टेडियम में मिट्टी डालकर उसका स्तर ऊंचा करना आवश्यक है।
विधायक ने कहा कि सोनीपत के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल के दम पर प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। ऐसे में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और उनकी जायज़ माँगों को शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सदन में जानकारी दी कि लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 66 लाख रुपये की लागत से सुभाष स्टेडियम में मिट्टी डालकर उसका स्तर सड़क के बराबर किया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या समाप्त हो सकेगी। इस कार्य की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और शीघ्र ही एजेंसी को काम आवंटित कर दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त लगभग 13 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से स्टेडियम में एक आधुनिक बहुउद्देश्यीय हॉल और 200 मीटर लंबा सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक बनाने का प्रस्ताव स्वीकृत किया जा चुका है। बहुउद्देश्यीय हॉल में इनडोर कबड्डी, वॉलीबॉल कोर्ट और तीन बैडमिंटन कोर्ट बनाए जाएंगे। साथ ही महिला, पुरुष और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग शौचालय और ड्रेसिंग रूम भी बनाए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
